सार
शादी के पांच साल बाद हुआ था बेटी का जन्म
बेटी होने के बाद से पत्नी से झगड़ा कर रहा था पति
विस्तार
यमुनानगर के सदर थाना क्षेत्र की रूपनगर कॉलोनी में मां के साथ सो रही पांच दिन की बच्ची को उसके पिता ने टांग के नीचे दबाकर मार डाला। शादी के करीब पांच साल बाद बच्ची हुई थी। बताया जा रहा है कि उसके पिता को बेटे की चाह थी, लेकिन जब पत्नी ने बेटी को जन्म दिया तो बेटे की चाह में उसके पिता ने टांग के नीचे दबाकर उसकी हत्या कर दी। जब पत्नी नींद से जागी तो उसने आरोपी की टांग से मासूम को निकाला। लेकिन तब तक मासूम हमेशा के लिए मौत की नींद सो गई थी।
हत्या के बाद से आरोपी पिता फरार है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। बाड़ी माजरा की रूपनगर कॉलोनी निवासी वर्षा ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी साल 2015 में नीरज के साथ हुई थी। उसके कुछ दिनों बाद से ही वे अपनी ससुराल से अलग रूपनगर में ही किराये के मकान पर रहते थे। उसका पति नीरज नशे का आदि है। शादी के बाद से उनके पास कई साल तक कोई बच्चा पैदा नहीं हुआ था।
पांच साल बाद बीती 24 सितंबर को उसके पास बेटी पैदा हुई थी। उसका नाम उन्होंने काकी रखा था। लड़की पैदा होने के बाद से उसका पति नीरज उससे नाराज था। शायद उसे बेटे की चाह थी और उसके पास बेटी ने जन्म लिया। इसी के चलते वह उससे बात भी नहीं करता था। सोमवार रात को उसका पति घर पर नशा कर आया। उस समय वह अपनी बेटी के साथ तखत पर सोई हुई थी। उसका आरोपी पति भी उसके और काकी के बगल में लेट गया। इसी दौरान उसके पति ने उसकी बच्ची काकी के ऊपर जानबूझकर अपनी टांग रखकर उसे दबा दिया।
टांग के नीचे बच्ची का गला और पेट दबा हुआ था। जब उसने यह देखा तो उसने तुरंत बड़ी मुश्किल से जबरन नीरज की टांग को हटाकर बच्ची को निकाला। लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। यह देख उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। उसने तुरंत फोन कर अपनी बहन रितू को मौके पर बुलाया तो आरोपी नीरज वहां से फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी नीरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
बच्ची को मारते हुए नहीं पसीजा पिता का दिल पांच दिन की मासूम को बेरहमी से टांग के नीचे दबाकर मारते हुए एक बार भी उसके पिता का दिल नहीं पसीजा। यह वहीं बाप है, जो पांच साल तक कोई बच्चा न होने पर अपनी पत्नी से मारपीट करता था। यह आरोप उसकी पत्नी ने खुद उसपर लगाए है। रोती की बच्ची की मां यहीं बोल रही थी कि उसका पति इतना बेरहम होगा, उसे नहीं पता था। यदि उसे उसकी बेरहमी का पता होता तो शायद वे उससे शादी ही न करती।
पांच साल से ससुराल से अलग रह रहे थे दंपती
वर्षा ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही वे ससुराल से अलग हो गए थे। अलग होने के बाद उसका पति और अधिक नशा करने लगा था और नशे में उससे मारपीट करता था। छोटी छोटी बातों पर आरोपी उससे मारपीट करता था। इसे वह सहन कर लेती थी। लेकिन अब उसके पति ने जो दर्द उसकी बेटी की हत्या करके उसे दिया है, वह उसे सहन कर पाएगी। बच्ची की मौत के बाद उसकी मां बिलख बिलख कर रो रही थी।
रूपनगर में हुई बच्ची की हत्या के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है। बच्ची की मां की शिकायत पर उसके आरोपी नीरज के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर सुभाष चंद, एसएचओ, थाना सदर यमुनानगर
No comments:
Post a Comment